गाली-गलौज से मना करने पर युवक पर जानलेवा हमला: पत्थर और शराब की टूटी बोतल से सिर व पेट में किया वार
राजनांदगांव- फोन न उठाने की छोटी सी बात पर गाली-गलौज करने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। ग्राम अंजोरा स्थित मिनी स्टेडियम में आरोपी ने युवक पर पत्थर और शराब की टूटी बोतल से सिर, गर्दन एवं पेट पर जानलेवा हमला कर गंभीर चोट पहुँचाई। थाना सोमनी पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी द्वारा थाना सोमनी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 30 सितंबर 2026 को उसका परिचित देवेन्द्र कुमार लहरे उर्फ गट्टू उसे मिलने के लिए बुलाया था. प्रार्थी के ग्राम अंजोरा स्थित मिनी स्टेडियम पहुंचने पर आरोपी द्वारा फोन नहीं उठाने की बात को लेकर प्रार्थी से गाली-गलौच की जाने लगी. प्रार्थी द्वारा गाली-गलौच करने से मना करने पर आरोपी ने अपने हाथ में रखे पत्थर से प्रार्थी के सिर पर वार किया तथा पास में पड़ी शराब की खाली बोतल को तोड़कर उसके टुकड़े से प्रार्थी के गर्दन एवं पेट में वार कर गंभीर चोट पहुंचाई. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सोमनी में धारा 296, 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
पुलिस टीम द्वारा आरोपी देवेन्द्र कुमार लहरे उर्फ देवेन्द्र उर्फ गट्टू, पिता ओमप्रकाश लहरे, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम फुसेरा, थाना बिरेझर, जिला धमतरी (छ.ग.), हाल पता ग्राम कोपेडीह, सीताराम के किराये का मकान, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना घटित करना स्वीकार किया गया. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
