ठेकेदार मेहरोत्रा बिल्डकॉन पर कार्रवाई न होने से आक्रोश, जिला युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा अल्टीमेटम पत्र
दुर्ग- भारतमाला परियोजना अंतर्गत दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में ठेकेदार (M.B.P.L) मेहरोत्रा बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किए जा रहे गौण खनिज के अवैध खनन और परिवहन के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर जिला युवा कांग्रेस दुर्ग (ग्रामीण) ने कड़ा विरोध जताया है.
जिला युवा कांग्रेस (ग्रामीण) के महासचिव दीपांकर साहू एवं यशवंत देशमुख ने 1 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर दुर्ग को पुनः शिकायत एवं चेतावनी पत्र सौंपा है.
क्या है पूरा मामला?
पूर्व में 18 मई 2026 को भारतमाला परियोजना के ठेकेदार मेहरोत्रा बिल्डकॉन द्वारा किए जा रहे अवैध उत्खनन की शिकायत की गई थी. इसके बाद कलेक्टर (खनिज शाखा) दुर्ग द्वारा 13 अगस्त 2026 (पत्र क्रमांक 1984/खनिज शिखा/2026 दुर्ग) को परियोजना निदेशक, NHAI, PIU रायपुर को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र लिखा गया था. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पत्र जारी होने के बावजूद आज तक संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे साफ जाहिर होता है कि शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया है.
7 दिन का अल्टीमेटम और उग्र आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिनों के भीतर ठेकेदार मेहरोत्रा बिल्डकॉन के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो युवा कांग्रेस जिला खनिज अधिकारी कार्यालय का उग्र घेराव करेगी.
