निगम चुनाव से पहले मतदाता सूची में बड़ी खामी का आरोप, वार्डों की चौहद्दी के अनुसार सूची तैयार करने की मांग
भिलाई- नगर पालिक निगम भिलाई के आगामी आम चुनाव से पहले मतदाता सूची के वार्डवार विभाजन को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. विधानसभा स्तर पर सघन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची को नगर निगम के प्रत्येक वार्ड की वास्तविक सीमा और चौहद्दी के अनुसार व्यवस्थित करने की मांग की गई है.
इस मामले को उठाते हुए अली हुसैन सिद्दीकी ने कहा कि विधानसभा की मतदाता सूची बूथवार तैयार की गई है, लेकिन नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची का वार्डवार सही विभाजन बेहद जरूरी है. उनका आरोप है कि स्थानीय निर्वाचन विभाग के कर्मचारियों और BLO द्वारा वार्डों के नक्शे एवं निर्धारित चौहद्दी को ध्यान में रखकर मतदाताओं का विभाजन नहीं किया गया है. इसके कारण कई वार्डों की मतदाता सूची में त्रुटियां सामने आ रही हैं.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में इस तरह की लापरवाही का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ेगा. कई मतदाताओं को अपने वार्ड की सही जानकारी नहीं मिल पाएगी. वहीं, चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों को भी मतदाताओं की वास्तविक संख्या और वार्ड की मतदाता सूची को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
अली हुसैन सिद्दीकी ने स्पष्ट किया कि नगर निगम भिलाई में वर्तमान में नया परिसीमन नहीं हुआ है. इसलिए पिछले आम चुनाव में निर्धारित वार्डों के नक्शे और चौहद्दी को ही आधार मानकर मतदाता सूची का विभाजन किया जाना चाहिए. नगर निगम के पास सभी वार्डों का आधिकारिक सीमांकन उपलब्ध होने के बावजूद यदि उसी के अनुरूप सूची तैयार नहीं की गई है, तो यह निर्वाचन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
उन्होंने स्थानीय निर्वाचन विभाग और निगम प्रशासन से मांग की है कि सभी वार्डों की मतदाता सूची का पुनः परीक्षण कराया जाए. घरों और मोहल्लों की वास्तविक स्थिति के अनुसार मतदाताओं के नाम संबंधित वार्ड में दर्ज किए जाएं तथा गलत वार्ड में शामिल नामों को नियमानुसार सुधारा जाए. उन्होंने कहा कि चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले इन त्रुटियों को दूर करना जरूरी है, ताकि किसी मतदाता को मतदान से संबंधित परेशानी न हो और आगामी नगर निगम चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके.

