टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो भेजने और प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
कांकेर- उत्तर बस्तर कांकेर जिले में टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील वीडियो भेजने और कॉलेज की प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर धर दबोचा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि, आरोपी पियूष कान्त नेताम ने टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील वीडियो भेजा तथा प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से परेशान किया. प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.
कृषि महाविद्यालय परिसर से हुई गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी की और कृषि महाविद्यालय, कांकेर परिसर से उसे अभिरक्षा में लिया. उपलब्ध साक्ष्यों एवं विवेचना के आधार पर आरोपी को 28 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया.पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई.
