GPS ट्रैकर की मदद से पुलिस के हत्थे चढ़ा शासकीय राशन दुकान का सामान चुराने वाला गिरोह
रायगढ़ – रायगढ़ पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य (राशन) दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर की चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुसौर पुलिस ने इस कार्रवाई में 4 चोरों और 1 खरीददार समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर और वारदात में प्रयुक्त क्रेटा व इनोवा कार सहित कुल 38.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है.
GPS ट्रैकर ने खोला चोरों का राज
पीडीएस (PDS) दुकानों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुसौर पुलिस ने एक अनूठी रणनीति अपनाई. पुलिस ने शक्कर की बोरियों में GPS ट्रैकर छिपाकर रख दिए थे. योजना के मुताबिक, जैसे ही आरोपियों ने जीपीएस ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी चुराई, पुलिस के रडार पर उनकी लोकेशन आ गई. इसके बाद रातों-रात एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने पत्थलगांव में दबिश देकर आरोपियों को धर दबोचा. आरोपियों के विरुद्ध नकबजनी, चोरी की संपत्ति खरीदने तथा संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
1.सेवाल कुजूर, पिता फिरन कुजूर, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 08, रायगढ़ चौकी कोतबा, जिला जशपुर; हाल मुकाम मुड़ापारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर.
2.समीर आलम, पिता महमूद आलम, उम्र 26 वर्ष, निवासी कनकपुर, थाना रामानुजगंज, जिला बलरामपुर.
3.मोहम्मद हफीज, पिता मोहम्मद हनीफ, उम्र 26 वर्ष, निवासी शांतिनगर तिलडेगा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर.
4.संतोष कुमार माहेश्वरी, पिता कार्तिकराम माहेश्वरी, उम्र 33 वर्ष, निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर.
5.डमरूधर खूंटे, पिता रामाधार खूंटे, उम्र 36 वर्ष, निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर.
