आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित जरूरी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
बालोद- पिछले करीब 15 दिनों से पटवारियों की हड़ताल के कारण आम नागरिकों के रोजमर्रा के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं. इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने नागरिकों को राहत देने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
कलेक्टर के निर्देश के बाद प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि हड़ताल के कारण आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो. सभी संबंधित राजस्व निरीक्षकों (आरआई) को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के निर्देश दिए गए हैं.
इसके अलावा नागरिकों से जुड़े अन्य जरूरी दस्तावेजों और शासकीय कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम लोगों के दैनिक जीवन से जुड़े कार्यों मं अनावश्यक देरी न हो और उन्हें समय पर सुविधाएं मिलें.
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है. हड़ताल के बावजूद जरूरी शासकीय सेवाएं सुचारु रूप से जारी रहनी चाहिए. जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह सजग और संवेदनशील है.
कलेक्टर के त्वरित और संवेदनशील निर्णय से आम जनता को राहत मिलेगी. साथ ही, शासकीय योजनाओं और जरूरी सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का काम भी सुचारु रूप से जारी है.
