दो चोरियों का खुलासा: 6 नाबालिग समेत 7 गिरफ्तार, चोरी की बाइक और सामान बरामद
रायगढ़- थाना तमनार पुलिस ने क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरियों का सिलसिलेवार खुलासा करते हुए 6 विधि से संघर्षरत बालकों और एक युवक समेत कुल 7 आरोपियों को पकड़ा है. आरोपियों ने मिलुपारा चौक से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित दुकान का दरवाजा तोड़कर खाद्य सामग्री और नगदी चोरी करना स्वीकार किया है. पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी बरामद किया है.
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों की जांच शुरू करते हुए मुखबिरों को सक्रिय किया. दूसरे ही दिन पुलिस को तीन संदिग्ध नाबालिगों के दोनों घटनाओं में शामिल होने की सूचना मिली. पूछताछ में तीनों ने बताया कि दोनों चोरी की वारदातों में कुल 7 लोग शामिल थे, जो दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चोरी के इरादे से घूम रहे थे. आरोपियों ने मिलुपारा से बाइक चोरी करने तथा कुधरीपारा स्थित दुकान से खाने-पीने का सामान और नगदी चोरी करना स्वीकार किया.
पुलिस ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से चोरी की बाइक और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली. घटना में शामिल अन्य आरोपी फरार थे. इसके बाद पुलिस ने 20 अगस्त को चोरी में शामिल तीन और विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने भी अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
दोनों चोरियों में शामिल मुकेश अगरिया पिता मेहत्तर अगरिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी जांजगीर, थाना तमनार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार लुक-छिप रहा था. पुलिस ने उसकी तलाश तेज करते हुए उसे पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने 6 नाबालिगों के साथ मिलकर दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया. आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई.
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 204/2026 में धारा 302(2) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 205/2026 में धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है. आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है.

