मेडिकल और किराना दुकान में डकैती की साजिश नाकाम, हथियारों और दो मोटरसाइकिलों के साथ 5 शातिर गिरफ्तार
जांजगीर चांपा- जिले में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक डकैती के वारदात को घटने से पहले ही नाकाम कर दिया है. सत्या मेडिकल एवं किराना दुकान (करही) में डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. यह सफलता रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर हासिल हुई.
मिली जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त की रात किकीरदा रोड पर स्थित देशी शराब दुकान पर कुछ संदिग्ध लोग दिखे, जिन्हे पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की तो पता चला कि सभी सत्या मेडिकल स्टोर और जनरल स्टोर में डकैती की घटना को अंजाम देने के लिए आए हैं. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे बाइक, धारदार हथियार, जब्त कर लिया और धारा 310(4),310(5)bns के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक हिरासत मे भेज दिया है.
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि गांव का ही राजेन्द्र साहू कुछ समय पहले जेल से जमानत में आया है. राजू साहू गांव के उपसरपंच की हत्या में शामिल था और जेल गया था, जहां उसका परिचय अन्य लूट और हत्या के आरोपियों से हुआ. जेल में भी सभी आरोपियों को राजेंद्र साहू ने अपने गांव के सत्या मेडिकल स्टोर में लाखों रुपये होने की जानकारी दी थी और जेल से बाहर निकलने के बाद अपने साथियों को डकैती के लिए बुलाया था. आरोपियों में शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव से राजकुमार कर्ष, कनस्दा गांव से जितेंद्र साहू, तुस्मा गांव से रंजीत साहू, शिवरीनारायण के भीम सारथी के साथ करहि गांव का राजेंद्र साहू शामिल है.


