उदयपुर वन परिक्षेत्र में मचा हड़कंप, 14 हाथियों के दल से दो हुए थे लापता; एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
अंबिकापुर सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में एक नर हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है. हाथी का शव कुसुवा मुड़ा के पास जंगल में बरामद हुआ है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अवैध रूप से बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से हाथी की मौत होने की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले कर्म कट्टरा के जंगल में 14 हाथियों का एक दल पहुंचा था.इनमें से 12 हाथी चकेरी के जंगल की ओर चले गए थे, जबकि दो हाथियों का कोई पता नहीं चल पा रहा था.अब लापता हाथियों में से एक नर हाथी का शव मिलने से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है. वहीं दूसरे हाथी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है. हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है.अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार बिछाए जाने की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है.
अब बड़ा सवाल यह है कि जंगल में किसने बिछाया था करंट प्रवाहित तार? क्या अवैध बिजली तार हाथी की मौत की वजह बना? वन विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.
