हिसाब में हेराफेरी पर गई थी नौकरी, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर- जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र से ब्लैकमेलिंग और अश्लीलता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एग्रीकल्चर ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करने वाले एक स्थानीय कारोबारी के पूर्व कर्मचारियों ने नौकरी से निकाले जाने की रंजिश में मालिक की पत्नी और उसके चचेरे भाई का प्राइवेट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पीड़ित परिवार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मस्तूरी पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी हार्वेस्टर और ट्रैक्टर के जरिए एग्रीकल्चर ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है. कारोबार संभालने के लिए उसने पीतांबर सिंह और अजय चौधरी को काम पर रखा था. बाद में हिसाब-किताब में गड़बड़ी सामने आने पर दोनों को नौकरी से निकाल दिया गया, जिससे दोनों नाराज हो गए और विवाद शुरू हो गया. शिकायत के मुताबिक 9 जुलाई की रात करीब 10 बजे आरोपी पीड़ित के भाई के पास पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने जातिगत गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद मालिक की पत्नी और उसके भाई के प्राइवेट मोमेंट का वीडियो दिखाया और बाद में उसे वायरल कर दिया. पुलिस के मुताबिक, देवर-भाभी के बीच निजी संबंधों के दौरान वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई है. इसी प्राइवेट वीडियो को आरोपियों ने सोशल मीडिया पर डाल दिया. वीडियो वायरल होने के बाद महिला को अपमान और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा.
पुलिस की सख्त कार्रवाई, तीनों आरोपी जेल में
मामले की शिकायत मिलने पर मस्तूरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महिला की गरिमा का अपमान करने, अश्लील हरकत करने और धमकी देने की धाराएं लगाई हैं. बीएनएस की धारा 77, 79, 296, 351(3), आईटी एक्ट की धारा 66ई, 67, 67बी तथा एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है. इसके बाद मस्तूरी पुलिस की टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी. पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार की. तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपी
अजय चौधरी (23), नरेश पटेल (24) और पीतांबर सिंह (38) तीनों खपरी लिमतरा निवासी है.


