KIA कार, मोबाइल, एटीएम कार्ड समेत 10.17 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़ – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एनडीपीएस मामलों में एंड-टू-एंड कार्रवाई के तहत संचालित “ऑपरेशन क्लीन हंट” में थाना साइबर एवं थाना लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लगभग 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित प्रकरण के मुख्य मास्टरमाइंड शुभम यादव को संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
गौरतलब है कि 05 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की बड़ी खेप जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था. कार्रवाई में लगभग ₹1.50 करोड़ मूल्य का गांजा, परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा एवं मारुति सुजुकी XL-6, पांच मोबाइल फोन सहित कुल ₹1.86 करोड़ मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप एवं धर्मेन्द्र कुमार मौर्य ने पूरे नेटवर्क का संचालन शुभम यादव के साथ मिलकर करने की जानकारी दी थी.
दिनांक 08 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि आरोपी KIA कार से रायगढ़ क्षेत्र में देखा गया है. सूचना मिलते ही थाना साइबर की टीम ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की. पुलिस की गतिविधि भांपकर आरोपी तेज रफ्तार से वाहन लेकर भागने लगा. तत्काल सरहदी थानों को अलर्ट कर नाकेबंदी कराई गई. इसके बाद थाना साइबर एवं थाना लैलूंगा की संयुक्त टीम ने लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित कुंजारा के पास घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव, पिता लखनलाल यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई. आरोपी के कब्जे से KIA कार क्रमांक CG-10 BE-5998 (कीमत लगभग 10 लाख), एक मोबाइल फोन, घड़ी, 3,000 नगद, वाहन की आरसी, चाबी एवं तीन एटीएम कार्ड सहित कुल 10.17 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त की गई.
