लेन-देन के विवाद में युवक से मारपीट कर कार लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, मारुति XL-6 कार बरामद

रायगढ़- घरघोड़ा पुलिस ने रुपये के लेन-देन के विवाद में युवक के साथ मारपीट कर उसकी कार लूटकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 लाख मूल्य की मारुति सुजुकी XL-6 कार बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
जानकारी के अनुसार गजपति राम राठिया (29 वर्ष), निवासी ग्राम भेण्ड्रा, थाना घरघोड़ा ने कल थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में उसके परिवार ने अपनी पैतृक भूमि का सौदा बेलाल अहमद, निवासी नावापारा, घरघोड़ा से 7 लाख में किया था, जिसके एवज में आरोपी ने 3.50 लाख अग्रिम राशि दी थी. कुछ माह बाद आरोपी बेलाल ने भूमि खरीदने से इंकार करते हुए अग्रिम राशि वापस मांगी. इस बीच आपसी परिचय का लाभ उठाकर उसने प्रार्थी की मारुति XL-6 कार मांगकर ले ली और लगभग सात माह तक अपने कब्जे में रखी ली और देने से इंकार किया. तब प्रार्थी गजपति ने अपनी जमीन अन्य व्यक्ति को बेचकर 2.50 लाख रूपये राशि बेलाल को दी,तब उसने कार वापस कर दी.
6 जुलाई 2026 को प्रार्थी गजपति अपने साथी रामसाय साव उर्फ विक्की के साथ कारगिल चौक, घरघोड़ा के पास खड़ा था. इसी दौरान आरोपी बेलाल अहमद वहां पहुंचा और बकाया राशि को लेकर विवाद करते हुए प्रार्थी से गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने प्रार्थी की कार की चाबी जबरन छीन ली और उसकी मारुति XL-6 कार (CG-04-QD-4132) लेकर फरार हो गया.
प्रार्थी की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में लूट का अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 308(5) एवं 309(6) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी बेलाल अहमद को उसके घर से हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया. उसके मेमोरेंडम के आधार पर लूटी गई मारुति सुजुकी XL-6 कार, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख है, बरामद कर जब्त की गई.
