घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, फरार होने की फिराक में था आरोपी पति, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

रायगढ़- जिले के थाना कापू पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोपी पति को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 28 जून 2026 की है. थाना कापू पुलिस को ग्राम पारेमेर में एक महिला की हत्या की सूचना प्राप्त हुई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे. मौके पर जीतो बाई मंझवार (43 वर्ष) का शव उसके घर में मिला. पुलिस द्वारा मौके पर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा चिकित्सक से शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त की गई.
मर्ग जांच एवं प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मृतिका के पति रामनाथ मंझवार द्वारा हत्या किया जाना पाए जाने पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 104/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई. गिरफ्तारी से बचने आरोपी गांव से फरार होने की तैयारी में है. पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी रामनाथ मंझवार पिता सेलठू राम मंझवार, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम पारेमेर, थाना कापू को पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना की रात पत्नी के साथ मामूली विवाद हुआ था. बीते राम खाना पीना के बाद जीतो बाई आंगन में सो गई थी जिसे रामनाथ ने घर अंदर जाकर सोने बोला, जीतो बाई के नहीं जाने पर झगड़ा विवाद कर पहले हाथ मुक्के से मारपीट किया फिर लकड़ी के डंडे से हमला किया तथा उसकी मृत्यु हो गई.
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
