फर्जी ऑफर लेटर देकर ऐंठे 5.50 लाख

बालोद- सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाली एक शातिर महिला जालसाज को बालोद पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला खुद को मुख्य सचिव कार्यालय से जुड़ा बताकर बेरोजगार युवाओं को गुमराह करती थी और उनसे मोटी रकम वसूलती थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता डामिन साहू (निवासी मरारपारा, बालोद) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी महिला लता धीवर (पति आकाश धीवर, उम्र 36 वर्ष, निवासी पाण्डेपारा बालोद) ने बड़ी ही चालाकी से युवाओं को अपने जाल में फंसाया और उसने तीन अलग-अलग पीड़ितों को सरकारी नौकरी का झांसा दिया और उन्हें पूरी तरह से फर्जी ‘ऑफर लेटर’ (नियुक्ति पत्र) थमा दिए. इस फर्जीवाड़े के एवज में महिला ने इन 3 लोगों से कुल 5,50,000 रुपये की ठगी की.
गिरफ्तारी के बाद जब बालोद पुलिस ने आरोपी महिला लता धीवर से कड़ाई से पूछताछ की. महिला ने कुबूल किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल सात लोगों को नौकरी का झांसा दिया और उनसे 25,50,000 रुपये ऐंठे थे.
महिला ने ठगी की रकम में से 23,92,500 रुपये अपने साथी द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर किए थे. इस पूरे फ्रॉड के एवज में महिला को 1,57,000 रुपये कमीशन के रूप में मिले थे. बालोद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
इस कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि सूरज साहू, प्र.आर. योगेश सिन्हा, आरक्षक लक्ष्मण साहू, महिला आरक्षक ममता ठाकुर और जागृति ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही.
इस मामले के बाद बालोद पुलिस ने आम जनता और युवाओं से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि नौकरी लगाने के नाम पर पैसे मांगने वाले ठगों और बिचौलियों से सावधान रहें. किसी भी तरह के प्रलोभन या झांसे में न आएं
