विधायक विक्रम मंडावी ने सीएम साय को लिखा पत्र, जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों को रिहा करने की मांग

बीजापुर- कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को एक पत्र लिखकर बस्तर संभाग की जेलों में सालों से बंद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की मांग की है.
विधायक मंडावी ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान बस्तर के स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया है. उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बस्तर संभाग एक आदिवासी बहुल क्षेत्र है और बीजापुर जिला लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है. इस परिस्थिति के चलते, विगत वर्षों में नक्सलवाद के नाम पर कई गरीब और निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों को जेल भेज दिया गया था, जो आज भी कई वर्षों से जेल की सलाखों के पीछे रहने को मजबूर हैं.
पत्र में विधायक ने बताया कि जेलों में बंद ये आदिवासी ग्रामीण बेहद कम पढ़े-लिखे हैं और भारी आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं. इस कारण वे कानूनी सहायता लेने या न्यायालय तक पहुंचने में पूरी तरह असमर्थ हैं, जिसके परिणामस्वरूप निर्दोष होने के बावजूद उनकी रिहाई नहीं हो पा रही है. वर्तमान समय में बस्तर क्षेत्र पूरी तरह से नक्सल मुक्त हो चुका है.
सरकार की पुनर्वास नीति के तहत हथियारबंद और आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों तक को माफी ह देकर समाज की मुख्यधारा में शामिल किया जा रहा है तो ऐसे में, जो निर्दोष आदिवासी नक्सली मामलों में वर्षों से जेलों में बंद है उन्हें भी माफी देते हुए जेल से रिहा करें.

