अवैध गांजे की खेती कर रहा बुजुर्ग गिरफ्तार, 3.65 किलो गांजे के पौधे बरामद

मुंगेली- नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत जरहागांव थाना क्षेत्र के अमोरा गांव में दबिश देकर अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार कर गांजे के अवैध फसल जब्त की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंगेली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमोरा निवासी भैयालाल धुरी (60 वर्ष) अपने खेत की सब्जी बाड़ी में अवैध रूप से उत्पादन किया जा रहा है. सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर खेत में छापा मारा और 3 नग हरे गांजे के पौधे बरामद किए गए. इनका कुल वजन 3.650 किलोग्राम पाया गया. आरोपी भैयालाल धुरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया.
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान के तहत की गई. अभियान के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और खेती पर लगातार कार्रवाई की जा रही है.
