सुरक्षा में कमी पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की दी गई चेतावनी

राजनांदगांव- पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में आज शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत थाना कोतवाली, बसंतपुर और चिखली क्षेत्र के लगभग 12 प्रमुख कोचिंग संस्थानों का पुलिस टीमों द्वारा सघन निरीक्षण किया गया.
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने कोचिंग संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), आपातकालीन खिड़कियों, विद्युत वायरिंग, विद्युत सुरक्षा उपकरणों, सीढ़ियों एवं निकासी मार्गों सहित अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया.
सभी कोचिंग संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने संस्थानों में निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें. पर्याप्त संख्या में कार्यशील फायर एक्सटिंग्विशर, स्पष्ट निकास मार्ग, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था तथा आपातकालीन स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
लापरवाही मिलने पर होगी वैधानिक कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों द्वारा संचालकों को यह भी अवगत कराया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. इस विशेष अभियान में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उपेंद्र शाह, थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू सहित दोनों थानों व पुलिस लाइन के लगभग 25 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता कर कोचिंग संस्थानों का सघन निरीक्षण किया तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए.
राजनांदगांव पुलिस विद्यार्थियों एवं आमजन की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे.
