आधी रात को पेट्रोल डालकर फूंक दी पड़ोसी की बाइक, पुलिस ने आरोपी को चंद घंटों में दबोचा
राजनांदगांव- थाना बसंतपुर पुलिस ने घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति आम जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है.
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दिनांक 21 मई 2026 की रात करीब 10:00 बजे की है. प्रार्थी की मोटरसाइकिल (बॉक्सर) उनके घर के सामने खड़ी थी. इसी दौरान मोहल्ले के ही एक युवक अन्ना सिंह मरकाम ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. अचानक आग की लपटें उठती देख जब प्रार्थी ने शोर मचाया, तो आरोपी मौके से फरार हो गया. हालांकि, आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. इस घटना में प्रार्थी को करीब 20,000 का नुकसान हुआ है.
प्रार्थी की लिखित शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326 और 324 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई.
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अन्ना सिंह मरकाम (उम्र 19 वर्ष), निवासी- देवार मोहल्ला, बसंतपुर को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है.
