नकली नोटों की फैक्ट्री पर पुलिस ने मारा छापा, 6.54 लाख के जाली नोट और सिक्योरिटी थ्रेड पेपर बरामद
कांकेर- कांकेर पुलिस ने नकली नोट खपाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के कुल 1308 नकली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 6 लाख 54 हजार रुपये बताई जा रही है. साथ ही नकली नोट छापने में प्रयुक्त सामग्री एवं 04 मोबाइल फोन भी जप्त किए गए हैं.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी द्वारा तत्काल टीम गठित कर गवाहों के साथ आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी गई. तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकली नोट एवं उन्हें छापने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि, वह कर्ज चुकाने के लिए घर में ही नकली नोट छापने का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 159/26 के तहत धारा 178, 179 एवं 180 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. कांकेर पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा नकली नोटों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है.
गिरफ्तार आरोपी
युगल नाग, पिता स्व. कुबेर राम नाग, उम्र 29 वर्ष, निवासी कोदाभाट कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़)
जप्त सामग्री
500 रुपये के 1100 नकली नोट, कुल कीमत ₹5,50,000/-
ए-4 साइज के 42 पेपर में छपे 500 रुपये के नकली नोट (प्रत्येक पेपर में 04 नोट), कुल कीमत ₹1,04,000/-
सिक्योरिटी थ्रेड प्रिंट किए हुए ए-4 साइज के 81 पेज
04 मोबाइल फोन
