जमीन दिखाने बुलाया पैसे लेकर भागा, 1.75 लाख लेकर फरार आरोपी 3 घंटे में सलाखों के पीछे
राजनांदगांव- जमीन दिखाने और नोट डबल करने का लालच देकर 1.75 लाख की झपटमारी करने वाले आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने महज 3 घंटे में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पूरी रकम भी बरामद कर ली है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जयराम नागपुरे निवासी ग्राम पाउडदउना, थाना साल्हेकसा, जिला गोदिया (महाराष्ट्र) ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 9 अप्रैल 2026 को वह अपने साथी नर्मदा प्रसाद लाऊत्रे के साथ आरोपी मनोज जोशी उर्फ अमित हट्टेवार के कहने पर जमीन देखने के लिए मोहारा राजनांदगांव आया था. जमीन का ब्याना देने के लिए प्रार्थी अपने पास रखे काले रंग के बैग में कुल 1,75,000 रुपये लेकर आया था और आरोपी का इंतजार कर रहा था. लगभग 04:30 बजे आरोपी वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान प्रार्थी को असली नोट के बदले डबल कर नकली नोट देने का लालच दिया. इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर प्रार्थी के पास रखे 1,75,000 रुपये से भरे बैग को झपटकर हाईवे रोड की ओर भाग गया. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 163/2026 धारा 304 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई. थाना प्रभारी बसंतपुर के नेतृत्व में टीम द्वारा तत्काल आरोपी की पतासाजी कर संभावित स्थानों पर दबिश दी गई. घेराबंदी कर आरोपी मनोज जोशी उर्फ अमित हट्टेवार को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रार्थी से नोटों से भरे बैग की झपटमारी करना स्वीकार किया. आरोपी के कब्जे से काले रंग का बैग एवं उसके अंदर रखे 1,75,000 रुपये बरामद कर जप्त किया गया. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर पेश किया गया तथा न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल राजनांदगांव भेजा गया.
गिरफ्तार आरोपी
मनोज जोशी उर्फ अमित हट्टेवार, पिता किशोर हट्टेवार, उम्र 34 वर्ष, निवासी शिवनगर गली नं. 05, वार्ड नं. 04, चिखली, पुलिस चौकी चिखली
