लग्जरी इनोवा में घूम-घूमकर चैन लूटने वाला शातिर महिला गैंग गिरफ्तार, 4 राज्यों में फैला था नेटवर्क
रायपुर- रायपुर पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं. यह गिरोह लग्जरी वाहन (इनोवा) में घूम-घूमकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को निशाना बनाता था. पुलिस के अनुसार, आरोपी बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं और बुजुर्गों को टारगेट कर सोने की चैन चोरी करते थे. रायपुर में ही इस गिरोह ने करीब एक दर्जन वारदातों को अंजाम दिया है. जांच में सामने आया कि सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में सक्रिय थे. आरोपियों का संबंध मध्य प्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव से बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तरूणेन्द्र वर्मा ने थाना डी.डी. नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 अप्रैल 2026 को शाम लगभग 07ः00 बजे उनकी माता निर्मला वर्मा उम्र 66 वर्ष चंगोराभाठा बाजार सब्जी खरीदने गई थीं. बाजार में अत्यधिक भीड़-भाड़ थी. सब्जी खरीदने के बाद कुछ दूर जाने पर उनकी माता ने अपने गले को हाथ से छूकर देखा तो पाया कि उनके गले में पहनी हुई सोने की चैन गायब थी. अज्ञात चोर ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से सोने की चैन झपट कर चोरी कर ली. प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 238/26 धारा 304(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया.
घटना को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी की माता एवं आसपास उपस्थित लोगों से विस्तृत पूछताछ की गई तथा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया. साथ ही घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया. अवलोकन के दौरान कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास दिखाई दीं तथा फुटेज में उन्हें पीड़िता के गले में पहनी हुई सोने की चैन निकालते हुए भी देखा गया. उक्त आधार पर टीम के सदस्यों द्वारा संदिग्धों का फुटेज के माध्यम से पीछा (फॉलो) करना प्रारंभ किया गया. जांच के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त आरोपियों द्वारा एक चारपहिया वाहन का भी उपयोग किया जा रहा है.
उक्त गिरोह द्वारा रायपुर शहर में लगातार घूम-घूम कर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को निशाना बनाते हुए उनके गले में पहनी सोने की चैन की चोरी की जा रही थी. एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की 15 सदस्यीय टीम द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु ट्रैप पार्टी गठित की गई तथा उनके संबंध में तकनीकी विश्लेषण भी किया गया. ट्रैप पार्टी को सूचना प्राप्त हुई कि संदिग्ध वाहन भाठागांव स्थित बस स्टैण्ड के पास मौजूद है. सूचना के आधार पर टीम द्वारा वाहन को चिन्हांकित कर घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया गया. वाहन में 07 महिला एवं 01 पुरुष सवार थे, जिनसे पूछताछ करने पर वे गोलमोल जवाब देकर टीम को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे.
प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उनके द्वारा उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया. पूछताछ में आरोपियों द्वारा रायपुर शहर के थाना सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार एवं डी.डी.नगर क्षेत्र में घुम-घुम कर भीड़-भाड़ वाले अलग-अलग स्थानों में एक दर्जन लोगों को अपना शिकार बनाते हुये उनके गले में पहने सोने की चैन चोरी करना बताया गया है. जिनमें आरोपियों के विरूद्ध थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 45/25, 151/25, 51/26 थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 337/25 तथा गोलबाजार में अपराध क्रमांक 68/26 का अपराध पंजीबद्ध है. आरोपियों द्वारा गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ के कई स्थानों में सोने की चैन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना बताया गया है.
आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से नगदी रकम 10,500/- रूपये, 01 नग सोने का चैन, 01 कटर, 04 नग मोबाईल फोन एवं ईनोवा वाहन क्रमांक एम पी/09/बी पी/1064 जुमला कीमती लगभग 11,30,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया.

गिरफ्तार आरोपी
- संध्या सकटे पति बीरू सकटे उम्र 30 साल निवासी मकान नंबर 35 ख्वाजा गरीब नवाज दरगाह के सामने राजेन्द्र नगर रेलवे स्टेशन के पास इंदौर जिला इंदौर (म.प्र.).
- सोनिया हातागले पिता विजय हातागले उम्र 25 साल निवासी भीम नगर थाना राजेन्द्र नगर इंदौर जिला इंदौर (म.प्र.).
- उज्वाला हातागले पति संजय हातागले उम्र 40 साल निवासी शेवले पोस्ट वाड़ी ता पचोरा जिला जलगांव वाडी महाराष्ट्र.
- साखरा बाई पति अशोक सकटे उम्र 65 साल निवासी मकान नंबर 35 भीम नगर दरगाह के सामने राजेन्द्र नगर थाना व जिला इंदौर जिला इंदौर (म.प्र.).
- ज्योति सकटे पति शनि सकटे उम्र 26 साल निवासी ख्वाजा ग़रीब नवाज दरगाह के सामने थाना राजेन्द्र नगर भीम नगर जिला इंदौर (म.प्र.).
- सरिता ज्वरे पति दीपक ज्वरे उम्र 40 साल निवासी कुंदन नगर 1489 हरि धाम हवा बंगला के पास थाना राजेन्द्र नगर भीम नगर जिला जिला इंदौर (म.प्र.).
- सपना हातागले पति दशरथ हातागले निवासी मकान नंबर 34 भीम नगर दरगाह के सामने राजेन्द्र नगर थाना जिला इंदौर (म.प्र.).
- अभय हतागले पिता विजय हतागले उम्र 23 साल निवासी कुंदन नगर 1490 हरि धाम हवा बंगला के पास थाना राजेन्द्र नगर भीम नगर जिला इंदौर (म.प्र.).
