मासूम बच्ची को बोरी में बंद कर फेका
दुर्ग- जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ घिनौनी वारदात की गई. वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची को बोरी में बंद कर कुएं के पास फेंक दिया. जैसे ही यह मामला सामने आया, पूरे इलाके में गुस्सा और आक्रोश फैल गया. सैकड़ों ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, उतई थाने पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे. फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पूरा मामला उतई थाना क्षेत्र के बंजारी पारा का है.
जानकारी के मुताबिक, बच्ची सुबह 11 बजे स्कूल से आने के बाद अपने दादी से पैसे लेकर दुकान गई थी, लेकिन 2 घंटे बाद भी वापस नहीं लौटी. फिर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. ग्रामीणों ने कुएं के किनारे खंडहर नुमा घर के पास झाड़ियों में अचानक बोरी को हिलते डूलते देखा. बोरी खोलकर देखा तो बच्ची का मुंह तकिया कवर से बंधा था. बच्ची काफी डरी सहमी हुई थी. उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. वर्तमान में बच्ची स्वस्थ है.
बताया जा रहा है कि 40 वर्षीय आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू शराब के नशे में बच्ची को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया. बेहोश होने पर बच्ची को बोरे में बांधकर घर के पास ही झाड़ियों में फेंक दिया था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
