गांजा तस्करी में प्रयुक्त महिन्द्रा कार एवं 4 नग मोबाईल फोन जब्त
रायपुर- रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की है. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 85 किलोग्राम गांजा के साथ 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जप्त किए गए गांजे और वाहन समेत कुल मशरूका की कीमत लगभग 58 लाख रुपए आंकी गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को 16 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली कि थाना सिविल लाईन क्षेत्रांतर्गत दुर्गा चौक मैदान के पास एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ व्यक्ति गांजा रखकर उसकी बिक्री करने की फिराक में हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साईबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को गांजे के साथ पकड़ने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिविल लाईन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए वाहन की पहचान की गई. वाहन में तीन व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम अनीश साहू, सूरज कलेत एवं राकेश साहू बताया. पुलिस टीम द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में गांजा रखा हुआ मिला. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर किसी अन्य व्यक्ति को बिक्री करने के उद्देश्य से ले जाना बताया गया.
तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर कब्जे से कुल 85 किलोग्राम गांजा कीमती लगभग 42,50,000/- रूपये तथा गांजा तस्करी में प्रयुक्त महिन्द्रा कार एवं 04 नग मोबाईल फोन जुमला कीमती लगभग 58 लाख रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 544/26 धारा 20(B)(ii)(C), 29 नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया.
तस्करी के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों से गांजे की उपलब्धता, परिवहन, बिक्री एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है. टीम द्वारा बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों तथा फॉरवर्ड लिंकेज के माध्यम से गांजे की बिक्री करने वाले संभावित खरीदारों एवं अन्य संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है. इसके अतिरिक्त, तस्करी में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के संपर्कों और गतिविधियों की जांच की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
- अनीश साहू पिता स्व. अमोल साहू उम्र 36 साल निवासी वार्ड नंबर 28 जवाहर गंज संकट मोचन गली घनश्याम केसरवानी के घर के पास सागर थाना कोतवाली (मध्य प्रदेश).
- राकेश साहू पिता सेवक राम साहू उम्र 31 साल निवासी ग्राम मूहाड वार्ड नंबर 06 सीझोरा थाना बिछीया जिला मण्डला (मध्य प्रदेश), हाल पता चंगोराभाठा कालामूर्ति के पास. हाल पता फिंगेश्वर जिला गरियाबंद.
- सूरज कलेत पिता दिलीप कलेत उम्र 34 साल निवासी ग्राम सान टेगरी थाना सांकरा जिला महासमुन्द.
