दुर्ग में वाहन किराया ठगी का पर्दाफाश: गिरोह के 2 आरोपी गिरफ्तार, 9 कार और बुलेट जब्त
दुर्ग- मोहन नगर पुलिस ने वाहन किराया के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. आरोपियों द्वारा किराये पर वाहन लेकर उसका भुगतान नहीं किया जाता था और बाद में उन वाहनों को गिरवी रख दिया जाता था. पुलिस ने इस मामले में आरोपी चाराभाटा राजानांदगांव निवासी अमित कुमार सिंह और बुधवारी पार डोंगरगढ़ निवासी वरुण सलामे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है. यह अपराध अजमानतीय श्रेणी का है, जिस पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 10 वाहन जब्त किए गए हैं, जिनमें 9 चार पहिया वाहन और 1 मोटरसाइकिल शामिल है. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(5) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच जारी है.
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन किराये पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था का सत्यापन अवश्य करें और बिना वैधानिक दस्तावेज के वाहन न दें. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की भी अपील की गई है.
