होली के दिन मोटरसाइकिल चलाने की बात पर विवाद: युवक पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार- होली पर्व के दौरान जिले के ग्राम करमदा में मोटरसाइकिल चलाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार 04 मार्च 2026 को घायल कुशल ध्रुव अपने मित्रों के साथ होली पर्व मनाने के बाद पैदल अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान बाजार चौक करमदा के पास विकास ध्रुव अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा. बताया जा रहा है कि आरोपी लापरवाहीपूर्वक मोटरसाइकिल चला रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब कुशल ध्रुव ने मोटरसाइकिल सावधानी से चलाने की बात कही, तो विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि विकास ध्रुव और उसके साथियों ने गाली‑गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कुशल ध्रुव के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया, जिससे कुशल ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
मामले की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 186/2026 दर्ज किया है. पुलिस ने इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 118(1), 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की.
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास ध्रुव (उम्र 20 वर्ष) निवासी ग्राम करमदा को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कुशल ध्रुव के साथ मारपीट करने और चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की. पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
आरोपी- विकास ध्रुव उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम करमदा थाना सिटी कोतवाली
