CID अधिकारी बताकर धौंस जमाने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
फर्जी ID कार्ड व बोर्ड लगाकर घूम रहा था
धमतरी- जिले में फर्जी सीआईडी अफसर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. 28 वर्षीय युवक सीआईडी अफसर बनकर घूम रहा था. उसके पास से सीआईडी अफसर होने का फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
आरोपी युवक टिकेश्वर नरेटी स्कॉर्पियो में सीआईडी अफसर बनकर घूम रहा था. वह टोल नाकों में टोल टैक्स से बचने के लिए सीआईडी अफसर का फर्जी आईडी कार्ड बनाकर रखा हुआ था. तलाशी में उसके पास से नेशनल क्राइम कंट्रोल और सीआईडी का फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुआ है.
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा जिले में असामाजिक तत्वों पर सतत एवं सघन निगरानी रखी जा रही है. कानून का दुरुपयोग कर आमजन को भ्रमित करने अथवा अवैध लाभ प्राप्त करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक एवं दंडात्मक कार्यवाही निरंतर सुनिश्चित की जा रही है.
पुलिस को 21 फरवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति अपने स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 05 AU 6136 में “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” का लोगो एवं “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखी प्लेट लगाकर खड़ा है तथा स्वयं को CID अधिकारी बताकर आमजन को धौंस दिखा रहा है.
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम रवाना हुई. विधि अनुसार गवाहों को नोटिस तामील कर मौके पर पहुंचकर जांच की गई. वाहन के डैशबोर्ड पर उक्त संगठन का लोगो एवं पदनाम प्रदर्शित बोर्ड पाया गया. वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी, पिता सगराम नरेटी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.) बताया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पास दो आईडी कार्ड प्रस्तुत किए, जिनमें “CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT” एवं “CRIME INVESTIGATION DETECTIVE” अंकित था तथा स्वयं को “National Officer” दर्शाया गया था. दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु विधिवत नोटिस दिए जाने पर आरोपी कोई वैधानिक नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण प्रमाण या अधिकृत आदेश प्रस्तुत नहीं कर सका.
आरोपी द्वारा स्वीकार किया गया कि उसने सितंबर 2025 में कथित व्यक्तियों के माध्यम से उक्त फर्जी आईडी कार्ड बनवाए तथा समय-समय पर ऑनलाइन भुगतान कर उनकी वैधता बढ़ाई. आरोपी ने यह भी बताया कि वह इन कार्डों एवं बोर्ड का उपयोग टोल टैक्स से बचने एवं अन्य स्थानों पर प्रभाव जमाने हेतु करता था.
जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 02 नग फर्जी आईडी कार्ड, 01 नग “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” लिखा बोर्ड, 01 नग महिन्द्रा स्कार्पियो वाहन CG 05 AU 6136, 01 नग iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित), 01 नग सैमसंग M12 मोबाइल (जियो एवं बीएसएनएल सिम सहित), को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया.
प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा फर्जी पहचान बनाकर स्वयं को सरकारी/जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आमजन को भ्रमित करना एवं अवैध लाभ प्राप्त करने का प्रयास करना पाया गया.
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 66/2026 धारा 204, 205, 336(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
आरोपी का नाम
नाम टिकेश्वर नरेटी, पिता सगराम नरेटी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)
धमतरी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा स्वयं को शासकीय अधिकारी बताकर धौंस दिखाने या संदेहास्पद गतिविधि करने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें.
