प्रतिष्ठित मेकअप आर्टिस्ट और मेहंदी कलाकार देंगे अपनी सेवाएं
विधायक रिकेश सेन का बड़ा उपहार
भिलाई नगर- वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन ने अपनी विधानसभा की बहनों और बेटियों के लिए एक और अभूतपूर्व जन-कल्याणकारी घोषणा की है. रविवार रात्रि 8 बजे की गई इस घोषणा के तहत, अब विधानसभा क्षेत्र की मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में मेकअप और मेहंदी का भारी-भरकम खर्च विधायक की पहल से समाप्त हो जाएगा.

विधायक रिकेश सेन ने इस घोषणा के साथ ही कहा कि एक पिता के लिए बिटिया और भाई के लिए बहन की शादी खुशी का अवसर होती है लेकिन महंगे खर्चों की चिंता उस खुशी को कम कर देती है. मेरी कोशिश है कि वैशाली नगर की किसी भी बेटी का श्रृंगार धन के अभाव में अधूरा न रहे. यह मात्र एक योजना नहीं, बल्कि अपनी विधानसभा की बहनों के प्रति मेरा सम्मान और स्नेह है.
शादी के खर्चों से मिलेगी मुक्ति
विधायक रिकेश सेन ने बताया कि सामान्यतः एक दुल्हन का मेकअप 20,000 से 25,000 और मेहंदी का खर्च 1,000 से 5,000 रूपये के बीच आता है. आगामी 8 मार्च 2026 (अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस) से वैशाली नगर विधानसभा की बेटियों के लिए यह दोनों सुविधाएं मात्र 1-1 रूपये के टोकन शुल्क पर उपलब्ध होंगी.
योजना की मुख्य बातें :प्रतिष्ठित आर्टिस्ट्स
दुल्हन का श्रृंगार और मेहंदी भिलाई के नामचीन और प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट्स द्वारा किया जाएगा. यह योजना विशेष रूप से वैशाली नगर विधानसभा के उन जरूरतमंद परिवारों के लिए है जिनके घर में विवाह का आयोजन है तथा वे वैशाली नगर विधानसभा के रहवासी हैं. योजना का लाभ लेने के लिए परिवारों को विवाह तिथि से 15 दिन पूर्व जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में सूचना देकर अपना टोकन प्राप्त करना होगा.
