जच्चा-बच्चा की जान से खिलवाड़! समाजसेवी दीपक ने डॉक्टर के खिलाफ कलेक्टर से की शिकायत
दुर्ग- जिले के बोरी सेक्टर में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र शर्मा पर अवैध रूप से प्रसव कराकर आर्थिक लाभ कमाने का गंभीर आरोप लगे हैं. इस संबंध में समाजसेवी दीपक निर्मल ने जिला कलेक्टर दुर्ग को लिखित शिकायत सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है.
शिकायत में आरोप है कि डॉ. महेंद्र शर्मा के संरक्षण में बोरी सेक्टर के कई उपस्वास्थ्य केंद्रों पुरदा, लिटिया, नवागांव, हिर्री और बिरेझर एवं चिचा उपस्वास्थ्य में सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा अवैध प्रसव कराए जा रहे हैं. बताया गया है कि गर्भवती महिलाओं से प्रति प्रसव 10 हजार रुपये से अधिक की वसूली की जा रही है, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों के जीवन के साथ खिलवाड़ हो रहा है.
शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ माह पूर्व चिचा गांव में एक महिला और नवजात शिशु की मौत हो गई थी. आरोप है कि यह प्रसव एक सेवानिवृत्त नर्स द्वारा उसके क्वार्टर में कराया गया था. मामले को कथित रूप से आर्थिक लेन-देन के जरिए दबाने का भी आरोप लगाया गया है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि यह अवैध गैरकानूनी कार्य अधिकारी महेंद्र शर्मा के संरक्षण में ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पुरदा, लिटिया, नवागांव, हिर्री और बिरेझर में शासन प्रशासन के भय के बगैर किया जा रहा है. अवैध गतिविधियां शासन-प्रशासन की जानकारी के बिना लंबे समय से संचालित हो रही हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. समाजसेवी ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और अवैध प्रसव पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है.
