पुणे में आयोजित बाबा रामदेव के योग शिविर के दौरान महिलाओं के पहनावे को लेकर बयान दिया था. इस दौरान शिविर में अनेक महिलाएं भी मौजूद थीं. योग गुरु बाबा रामदेव के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में शिकायत हुई है. आरोप है कि बाबा रामदेव ने कहा था कि, महिलाएं साड़ी, सूट और सलवार में अच्छी लगती हैं. मेरी तरह कुछ भी न भी पहने तब भी अच्छी लगती हैं. महिला नेताओं ने कहा कि, बाबा रामदेव का यह बयान आपत्तिजनक है. इससे महिलाओं के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है. महिलाएं अपने आप को अपमानित महसूस कर रही हैं. उनका बयान वास्तविक चरित्र दिखाता है.

जल्दी ही कार्रवाई की बात कही
महिला कांग्रेस बिलासपुर ग्रामीण की अध्यक्ष सीमा घृतेश सहित महिला कार्यकर्ता मंजू त्रिपाठी और अनिता लव्हात्रे सोमवार को राज्य महिला आयोग पहुंची. उन्होंने सुनवाई के दौरान आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक को एक शिकायती पत्र सौंपा है. इसमें कहा गया है कि, पिछले दिनों पुणे में हुए योग शिविर में बाबा रामदेव ने नारियों के पहनावे को लेकर सार्वजनिक तौर पर अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी की थी.

राष्ट्रीय आयोग को भी भेजेंगे मामले को
महिला नेताओं की शिकायत पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने कहा है कि, शिकायत का संज्ञान लिया गया है. इसपर विधिवत कार्यवाही की जाए. इस मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग को भी भेजा जाएगा. डॉ. नायक ने कहा, मुझे लगता है कि राष्ट्रीय स्तर पर महिला आयोग को तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई किया जाना चाहिए.
