रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बदमाश बेखौफ होकर अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला तेलीबंधा थाना क्षेत्र के लाभांडी से सामने आया है. यहां एक बदमाश ने दिनदहाड़े एक व्यापारी पर फायरिंग कर दी. शहर में दिनदहाड़े हुई फायरिंग के बाद इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया. इस फायरिंग में व्यापारी के हाथ में गोली लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है. जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. हालांकि पुलिस ने इस मामले एक आरोपी को पकड़ लिया है. पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गई है और आरोपी से पूछताछ कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में लाभांडी में बुधवार सुबह 11:30 बजे गोली चलने की एक घटना हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी अमन शर्मा ने रायपुर के व्यापारी संदीप कुमार पर फायरिंग कर दी. फायरिंग में व्यापारी संदीप घायल हो गया. घायल व्यापारी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

इधर, पुलिस ने आरोपी को कट्टे के साथ पकड़ लिया गया है. घटनास्थल में पुलिस अधीक्षक सहित स्थानीय थाना की पुलिस मौजूद है. पुलिस ने बताया कि आरोपी अमन शर्मा ओडिशा के सुंदरगढ़ का रहने वाला है. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और इस मामले में पूछताछ की जा रही है.
