गुरुवार को कोलकाता पुलिस ने एक बुजुर्ग दंपति को अपनी 23 दिन की पोती को एक स्थानीय एजेंट को बेचने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार दंपति की पहचान चुन्नी दास और उसकी पत्नी अलका सरदार के रूप में की गई है. दंपति को नवजात की मां नीलम कुमारी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया. नवजात को बचाकर उसकी मां को सौंप दिया गया है. पुलिस ने बचाए गए नवजात के इलाज की भी व्यवस्था की. महिला ने पुलिस को बताया कि चुन्नी उसका पिता है, जबकि अलका उसकी सौतेली मां है.
नीलम कुमारी ने कोलकाता के बाहरी इलाके आनंदपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और अपनी शिकायत में उसने अपने माता-पिता के अपराध में शामिल होने का भी उल्लेख किया.
पुलिस ने जांच शुरू की और सबसे पहले बुजुर्ग दंपत्ति को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद आखिरकार उन्होंने स्वीकार कर लिया कि उन्होंने अपनी नवजात पोती को एक बाल तस्करी एजेंट को 30,000 रुपये में बेच दिया है. दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया है.
