भिलाई : रिसाली में कांग्रेस के ही कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला करने की घटना हुई है. शनिवार की रात को टंकी मरोदा में शीतला मंदिर के पास सात आरोपियों ने कांग्रेस कार्यकर्ता पप्पू यादव पर लाठी और चाकू से जानलेवा हमला किया. वहीं उसके एक अन्य रिश्तेदार अमन को डंडे से पीटा.
घटना के बाद वहां उपस्थित लोगों ने पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पप्पू यादव की हालत गंभीर बनी हुई है. नेवई पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास की धारा के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी के आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि शनिवार की रात को करीब 8:30 बजे पीड़ित पप्पू यादव टंकी मरोदा में शीतला मंदिर के पास स्थित चाय चौपाल नाम की दुकान के सामने बैठा था. उसी दौरान आरोपी मंगल देवार, दादू देवार, हरीश साहू और चार अन्य आरोपी पहुंचे. वहां पर पीड़ित पप्पू यादव ने आरोपित मंगल देवार को अपने भांजे से हुए विवाद के बारे में बात करने के लिए बुलाया था.
बातचीत के दौरान ही इनके बीच भी विवाद शुरू हो गया और आरोपी मंगल देवार ने अपने पास से चाकू निकालकर पप्पू यादव के पेट में घोंप दिया. वहां उपस्थित उसके रिश्तेदार अमन ने बीच बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने उससे भी मारपीट की. इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
पीड़ित के भांजे ने कराई थी FIR
पीड़ित पप्पू यादव के भांजे विशाल यादव ने 24 नवंबर को स्मृति नगर चौकी में आरोपियों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 148, 294, 307, 323, 506 (बी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी हरीश साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
