बिलासपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस को एक बार फिर से बड़ी सफलता मिली है. रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली की ज्वेलरी शॉप में 25 करोड़ के जेवर की चोरी करने वाले मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है.
मुख्य आरोपी लोकेश श्रीवास दिल्ली में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद दुर्ग जिले के भिलाई के स्मृति नगर में आकर छुपा था. जिसे दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से 18 किलो सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये है. वहीं लोकेश के साथी शिवा चंद्रवंशी को बिलासपुर पुलिस ने कवर्धा से गिरफ्तार किया है. उसके पास से 23 लाख के जेवर जब्त किये गए हैं. रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग पुलिस के टीम के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की भी अहम भूमिका है. भिलाई पुलिस ने दिल्ली पुलिस को मामले की सूचना दी थी. दिल्ली पुलिस ने रायपुर पहुचंकर रायपुर पुलिस से मदद मांगी थी. जिसके बाद रायपुर पुलिस की टीम भी दिल्ली पुलिस के साथ दुर्ग गई.
दरअसल, बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 7 चोरी की वारदात हुई थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी संतोष सिंह ने एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस को जांच कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. पुलिस जांच के दौरान चोरी में शामिल दूर निवासी लोकेश के बारे में जानकारी मिली. इस सूचना के बाद बिलासपुर पुलिस, दुर्ग पुलिस और रायपुर पुलिस के सहयोग से दुर्ग समृतिनगर थाना क्षेत्र के एक घर से लोकेश को पकड़ा. आरोपी के कब्जे से बिलासपुर में हुई चोरी के मामले में 12.50 लाख के माल की जब्ती की गई.
आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने पर दिल्ली जंगपुरा में सनसनीखेज ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की बात भी कबूल की. आरोपी के कब्जे से दिल्ली जंगपुरा में चोरी हुए साढ़े 18 किलों सोना और हीरे के आभूषण मिली है. आरोपी ने पूछताछ में कवर्धा निवासी अपने साथी शिवा चंद्रवंसी के बारे में भी जानकारी दी.
बिलासपुर पुलिस ने शिवा को गुरुवार को ही कवर्धा से गिरफ्तार किया. आरोपी के कब्जे से कवर्धा के ज्वेलरी दुकान में हुई 23 लाख की ज्वेलरी बरामद की गई है. इस मामले में दोनों आरोपियों को पुलिस बिलासपुर लेकर पहुंची है. साथ हो दोनों से पूछताछ भी की जा रही है. वहीं दिल्ली के जंगपुरा में हुई 25 करोड़ की चोरी में भी दोनों आरोपी शामिल है.
बिलासपुर पुलिस आरोपी को गिरफ्तार और सम्पूर्ण जब्ती की कार्रवाई कर वापस बिलासपुर आ रही है, जिससे अन्य खुलासा हो सके. वहीं दिल्ली पुलिस भी बिलासपुर पुलिस के साथ बिलासपुर आ रही है.
