राजनांदगांव : प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा घटनाक्रम में राजनांदगांव जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दो बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं एक युवक घायल हो गया.
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 11 बजे के आस-पास हुआ है. बोईरडीह के रहने वाले दो युवक बाइक से हरेली त्योहार मनाने किसी दूसरे गांव जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, दूसरी बाइक में पांडेटोला गांव के 3 लोग सवार थे वे किसी काम से जा रहे थे. टक्कर इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई है और वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का इलाज किया जा रहा है. इस हादसे में जिन चार लोगों की मौत हुई है. सभी किसान परिवार के थे.
बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय बारिश हो रही थी. दोनों ही बाइक तेज रफ्तार में थी. इसलिए जब दोनों आमने सामने आए तब चालकों ने अचानक से ब्रेक मारा इस वजह से गाड़ी फिसल गई और यह हादसा हो गया है.
