सरगुजा : अम्बिकापुर केन्द्रीय जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक महिला कैदी ने जेलर और मुख्य प्रहरी पर गंभीर इल्जाम लगाए हैं. आरोप में कहा कि अंबिकापुर सेंट्रल जेल में महिला बंदियों के कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया जाता है. इन सब मामलों का खुलासा तब हुआ, जब एक युवक अपनी मौसी से मिलने जेल पहुंचा था, जहां महिला ने युवक को जेल में हो रहे अमानवीय व्यवहार की पूरी जानकारी दी.
जानकारी के अनुसार युवक का नाम कमलेश कुमार साहू है, उसने राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष, गृह विभाग के सचिव, जेल विभाग के महानिदेशक, सरगुजा कलेक्टर और केंद्रीय जेल के अधीक्षक से शिकायत करते हुए जेल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
युवक ने बताया कि उसकी मौसी पिछले 6 माह से केन्द्रीय जेल अम्बिकापुर में विचाराधीन बंदी के रूप में है. युवक ने बताया कि ये दोनों महिलाएं बहुत ही खतरनाक हैं, कोई महिला बंदी अगर दोनों की बात नहीं मानती तो ये दोनो उस महिला बंदी के कपड़े उतरवा कर अमानवीय और अश्लील हरकत की जाती है, साथ ही मारपीट भी करते हैं और जेलर उस पूरे क्रियाकलाप का अपने मोबाइल से वीडियो बनाती है और उसे अन्य लोगों को शेयर करने की धमकी देती है.
युवक ने शिकायत की कॉपी में अपनी मौसी द्वारा कही बातों को बताया कि जेलर मैडम की बात मानना ही पड़ता है. उन्हें समय-समय पर पैसे भेजते रहना होगा, तभी हम जेल में शांति से रह पाएंगे और खाना भी ठीक ठाक मिल पाएगा.

युवक ने कहा कि मेरी मौसी से जो गुनाह हुआ है, उन्हें उसकी सजा मिलेगी, लेकिन ऐसा घिनौना कृत्य एक महिला जेलर के द्वारा महिलाओं के साथ करना पूर्ण रूप से मानव अधिकार का उल्लंघन है, और उसने मामले की जांच करने की मांग की है.
