भिलाई : दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा एप महादेव के पांच संचालकों को पकड़ा है. भिलाई के जामुल थाना इलाके में सक्रिय संचालकों से लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड और चेकबुक जमा करने के साथ इनके खातों में जमा लाखों की रकम को फ्रीज किया गया. पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गैंबलिंग एक्ट के तहत कार्रवाई की है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
एसपी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भिलाई में एक आरोपी ऑनलाइन सट्टा ऐप का ब्रांच संचालित कर रहा है. उसके द्वारा लोगों को सैलरी पर रखा गया है, उसके नीचे कई लड़के काम कर रहे हैं, जो कि सट्टा ऐप संचालन से लेकर रुपए का ट्रांजेक्शन भी कर रहे हैं. उनके द्वारा एक महीने में 50 लाख से अधिक का सट्टा लगाया जा चुका है.
पुलिस ने आरोपियों में अमित कुमार राजभर निवासी आदर्श नगर कैंप 1, विशाल कुमार राय निवासी कैंप 1 संग्राम चौक, गुड्डू राजा निवासी नंदिनी रोड सुभाष नगर, दीपक साव निवासी सुभाष नगर, सुनील सिंह निवासी EWS-378 हाउसिंग बोर्ड को गिरफ्तार किया है. जो लोटस 365 और लोटस 365 विन बुक 46 नाम से एप में खाता संचालित कर रहे थे. पांच आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, 13 मोबाइल, एटीएम कार्ड और चेकबुक बरामद किए गए हैं. इसके साथ इनके खातों में जमा किये गए लाखों रुपयों को भी फ्रिज किया गया है. आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अन्य ब्रांचों में भी कार्रवाई करेगी.
