रायपुर : राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड का नाम बदल दिया गया है. अब इस मामले को लेकर प्रदेश में सियासत शुरू हो गई है. VIP रोड का नाम बदलने पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि, नाम में क्या रखा है, जनता जानती है कि निर्माण किसकी ओर से किया गया है. ये ओछी मानसिकता और ओछी राजनीति है. श्री चंद्राकर ने गांधी परिवार को लेकर और अन्य मुद्दे पर भी कांग्रेस पर हमला बोला है. उल्लेखनीय है कि, MIC की बैठक में VIP रोड का नाम बदलकर स्वर्गीय राजीव गांधी कर दिया गया है. इसको लेकर अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर वार किया है.
उन्होंने कहा आपके पास बताने के लिए कुछ नहीं है तो आप बने बुनाए संस्थानों का नाम बदल दे रहे हैं. कांग्रेस एक परिवार से आगे बढ़ नहीं सकती. एक परिवार से बाहर निकलेगी तो मानसिक रूप से विकलांग हो जाएंगे. कांग्रेस का मेनिफेस्ट्रो गांधी से शुरू हो कर गांधी में खत्म होगा.
श्री चंद्राकर ने विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर कहा कि, 4 दिन का मानसून सत्र रखा गया है. इसका मतलब है सरकार के पास कोई दृष्टिकोण नहीं है. यह दृष्टिकोण विहीन सरकार है. यह जनता का सामना करने के लिए तैयार नहीं है. सरकार कोई भी बजट सत्र पूरे दिन नहीं चला पाई. सरकार में नैतिक ताकत नहीं है विधानसभा का सामना करने की.
अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की प्रशिक्षण शिविर को लेकर कहा कि, जो स्टार्टअप शुरू किए हैं, उसके बारे में वृहद जानकारी देनी चाहिए. दो नंबर में शराब कैसे बेची जाती है… रेती चोरी कैसे होती है… नशे का व्यापार कैसे होता है… धान की तस्करी कैसे होती है… बांध के पानी को बहाकर कैसे बेचा जाता है. यह जो नए स्टार्टअप प्रदेश में शुरू हुआ है, उसके बारे में कांग्रेस में प्रशिक्षण अवश्य देना चाहिए. भाग्य का सिक्का बार-बार नहीं टूटता. हम मानते हैं, 15 साल में हमसे नाराजगी रही होगी. वह चुनाव जीते नहीं है, हम हारे हैं.
