दुर्ग जिला ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम-खम्हरिया प.ह.नं. 40 कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग से परेशान किसानों के लिए सरदर्द बना हुआ है. इससे छुटकारा पाने के लिए जिला प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है. इस अवैध प्लाटिंग की वजह से खेती कार्य के लिए आवागमन के रास्ते बंद होने से किसानों की भी मुश्किलें बढ़ सकती है. शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से रोक लगाकर कार्रवाई किये जाने की मांग की है.
शिकायतकर्ता का कहना है कि ग्राम-खम्हरिया, प.ह.नं. 40 का वह निवासी है. ग्राम में विगत कुछ समय से कुछ लोगों द्वारा कृषि भूमि को अवैध तरीके से कॉलोनी निर्माण हेतु प्लाटिंग कर छोटे-छोटे टुकड़ों में बेचा जा रहा है. उक्त प्लाटिंग कार्य हेतु शासन-प्रशासन से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गयी है. प्लाटिंग कार्य करने वाले आवेदक व अन्य कृषकों की भूमि पर अवैध कब्जा कर कालोनी के लिये रोड़- नाली का निर्माण कर इन किसानों के कृषि कार्य हेतु जाने वाले रास्ते में अवरोध उत्पन्न कर दिया गया है. उनका कहना है कि प्लाटिंग होने की वजह से कृषकों को आने वाले समय में कृषि कार्य करने में परेशानी होंगी. कृषक इसकी शिकायत ग्राम पंचायत व प्रशासन में देने के बावजूद उनके द्वारा अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है. शिकायतकर्ता ग्रामीण ने अवैध प्लाटिंग की जांचकर कार्रवाई करने की मांग की है.
