बिलासपुर क्षेत्र में गैंगवार का मामला सामने आया है. दिनदहाड़े 8-10 बदमाश एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडे से मारते रहे और फिर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी थी. गैंगवार और इस हत्या की वजह एक दिन पहले हुए विवाद को बताया जा रहा है. परिजन का आरोप है कि हमलावर युवकों ने उनकी दुकान में लगे CCTV कैमरे को तोड़ दिया. पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में डुटी हुई है. जानकारी के मुताबिक पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए 8-10 लड़कों ने मिलकर एक युवक पर लाठी-डंडे और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे खून से लथपथ होकर युवक बुरी तरह से घायल हो गया. अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई.
TI पौरुष पुर्रे ने बताया कि मृतक गणेश नगर निवासी मोनू उर्फ पवन सोनी पिता सुरेश सोनी (26) मंगलवार की शाम अपने घर से बाहर घूमने निकला था. शाम करीब 6.30 बजे वह गणेश चौक में खड़ा था. उसी समय मोहल्ले के 8-10 लड़के आए और गाली देते हुए अचानक मोनू को घेर लिया. फिर लाठी-डंडे से उस पर हमला कर दिया. इस दौरान युवकों ने उसे चाकू भी घोंप दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया और बुरी तरह घायल हो गया. घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है. आसपास के लोगों से पूछताछ हमलावर युवकों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है. गैंगवार की स्पष्ट वजह साफ नहीं हो पाई है. मरने वाला युवक एक माह पहले ही जेल से छूटा था. पुरानी रंजिश के चलते हमला हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
