भिलाई : सुपेला से लेकर चंद्रा मोर्या चौक को कवर करने वाला फ्लाईओवर आखिरकार शुरू कर दिया गया है. शुक्रवार को यातायात डीएसपी सतीश ठाकुर ने ट्रेफिक जवानों की मौजूदगी में फ्लाईओवर की बेरीकेडिंग हटाकर वाहनों का परिवहन शुरू कराया. फ्लाईओवर खुलते ही छोटे-बड़े सभी वाहन दौड़ पड़े. इसके साथ ही शहर के लाखों लोगों को राहत मिलेगी और फ्लाईओवर के नीचे लेन पर लोगों को हेवी ट्रैफिक से भी मुक्ति मिलेगी.
बता दें सुपेला से चंद्रा मोर्या चौक तक का फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने के बाद इसकी लोड टेस्टिंग की जा रही है. 31 मार्च तक लोड टेस्ट पूरा कर इसे शुरू करने का प्लान किया गया था लेकिन तय समय तक टेस्टिंग पूरी नहीं हो पाई. लगभग दो सप्ताह की देरी से फ्लाईओवर को शुरू कर दिया गया है. फ्लाईओवर के शुरू होने के साथ ही भारी वाहनों सहित छोटी गाड़ियां भी फ्लाईओवर से गुजरने लगी है.

वहीं 13 अप्रैल को कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा, निगम आयुक्त रोहित व्यास, एसडीएम लक्ष्मण तिवारी व भिलाई निगम महापौर नीरज पाल ने एनएच व ट्रेफिक विभाग के अधिकारियों के साथ स्पॉट का जायजा लिया.
शुक्रवार को सुपेला फ्लाईओवर को एक ओर से पहले शुरू किया गया. यानी रायपुर से दुर्ग की साइड को पहले खोला गया. इसके दो घंटे बाद दुर्ग से रायपुर की ओर का फ्लाईओवर भी खोल दिया गया. इस तरह सुपेला फ़्लाईओवर के दोनों ओर से आवागमन शुरू कर दिया गया. फ्लाईओवर पर आवागमन शुरू होने से भिलाई में सुपेला व चंद्रा मौर्या क्षेत्र से ट्रैफिक दबाव कम हो जायेगा वही हजारों यात्री जो एनएच के माध्यम से आवागमन करते हैं उन्हें सहूलियत होगी.
आकर्षक लैंडस्केप भी हो रहा तैयार
नेशनल हाईवे के द्वारा फ्लाईओवर के निर्माण के साथ ही इसके नीचे आकर्षक लैंडस्केप भी तैयार की जा रही है. पार्किंग स्पेस दिए जा रहे है. हाईवे में कई स्थानों पर वर्टिकल गार्डन के भी निर्माण हो रहे है, आने वाले दिनों में भिलाई की तस्वीर बदलने वाली है. जिसके चलते लोगों को धूल मुक्त सड़क के साथ ही आकर्षक नजादा भी मिलेगा. निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से महापौर परिषद के सदस्य एवं राजस्व प्रभारी सीजू एंथोनी, ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर, अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, नेशनल हाईवे के अधिकारी तथा उप अभियंता अभिजीत सोनी के साथ ही अन्य अधिकारी कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे.
