कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संगठन अमरजीत चावला और वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम को केंद्रीय संगठन ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारी का जायजा लेने रायपुर आए राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन बंसल और केंद्रीय अनुशासन समिति के सचिव तारिक अनवर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दोनोें नेताओं की शिकायत की थी. कांग्रेस के केंद्रीय अनुशासन समिति के सदस्य सचिव तारिक अनवर ने चावला और नेताम को नोटिस जारी कर 1 हफ्ते के भीतर नोटिस का जवाब मांगा गया है. अमरजीत चावला पर आरोप है कि वह प्रदेश कांग्रेस कार्यालय मेें बैठकर राज्य सरकार के खिलाफ टिप्पणी करते हैं और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विरोध में अभियान संचालित करते हैं. चावला पर आरक्षण विधेयक के विरोध मेें टिप्पणी करने का भी आरोप है.
