बिलासपुर : बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में महिला को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है. बुरी तरह से झुलसी महिला रेलवे ट्रैक के पास दर्द से कराह रही थी, तब लोगों ने उसकी आवाज सुनकर पुलिस को घटना की जानकारी दी. महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है. अब तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात उसलापुर स्टेशन के आगे महावीर नगर के पास एक महिला गंभीर रूप से झुलसी हुई पड़ी थी. महिला आग से जलकर दर्द से कराह रही थी. उसकी आवाज सुनकर पुलिस के डायल 112 को जानकारी दी. पुलिस जब पहुंची, तब रेलवे ट्रैक के पास महिला झुलसी हुई पड़ी थी. सिविल लाइन थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि जानकारी मिलते ही डायल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है.
टीआई ने बताया कि महिला आग से 70% जल गई है. इसलिए, उसकी पहचान नहीं हो पाई है. वह बयान देने की स्थिति में नहीं है. इसके चलते पुलिस को महिला के संबंध में जानकारी नहीं मिल पाई है. पुलिस ने महिला को मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने के लिए प्रयास किया. लेकिन, महिला बयान नहीं दे पाई है.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. एक टीम को आसपास के कॉलोनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाने कहा गया है. इसके आधार पर महिला की पहचान की कोशिश की जा रही है.
