घर में घुसकर मां-बेटे की निर्मम हत्या, बेटी गंभीर रूप से घायल, पारिवारिक रंजिश की आशंका
राजनांदगांव- जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चौथना गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर मां और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि बेटी पर भी जानलेवा हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. इस खौफनाक दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और दहशत का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका कमला सोनकर और उनके बेटे पर घर में घुसे आरोपी ने कथित तौर पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई. वहीं परिवार की बेटी ममता सोनकर भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कमला सोनकर का पति घर से बाहर था. इसी बीच घर में यह वारदात हुई. घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
प्रारंभिक जानकारी में इस वारदात के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने का संदेह परिवार के ही एक रिश्तेदार पर है. हालांकि, आरोपी की भूमिका और हत्या के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. वारदात के पीछे की वजह और घटना की परिस्थितियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस की टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है.
