नशीला पदार्थ पिलाकर महिला से दुष्कर्म: दस्तावेज छोड़ने के बहाने कार में बैठाया, धमकी देकर वसूले 1 लाख, गिरफ्तार
राजनांदगांव- जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है. आरोपी ने पीड़िता को दस्तावेज देने के बहाने कार में बैठाया और शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. इसके बाद बेसुध हालत में दुष्कर्म कर आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं. बाद में फोटो पति को भेजने और वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने पीड़िता से करीब 1 लाख रुपये ऐंठ लिए. लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली, जिसके बाद डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया द्वारा थाना उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 18 दिसंबर 2025 को आरोपी आदित्य अग्रवाल ने कुछ डॉक्यूमेंट छोड़ने के बहाने उसे पीड़िता के ऑफिस के बाहर मिलने के लिए बुलाया तथा अपनी कार में बैठाकर ले गया. रास्ते में आरोपी द्वारा पीड़िता को स्लाइस पिलाया गया, जिसके कुछ समय बाद पीड़िता को चक्कर आने लगे. आरोपी उसे डोंगरगढ़ मंदिर के आसपास स्थित एक मकान के कमरे में ले गया, जहां लगभग 04 बजे उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया. इसके बाद आरोपी उसे शाम लगभग 07 बजे उसके घर के पास गली में छोड़कर चला गया. बाद में 1 जनवरी 2026 को आरोपी पीड़िता के ऑफिस आया तथा घूमने चलने के लिए कहा. पीड़िता द्वारा मना करने पर आरोपी ने पीड़िता एवं अपने साथ का आपत्तिजनक फोटो दिखाकर उसे उसके पति को भेजने की धमकी दी. आरोपी द्वारा फोटो वायरल करने की धमकी देकर पहले 5,000 रुपये की मांग की गई. इसके बाद आरोपी द्वारा ब्लैकमेल कर 9,000 रुपये नगद तथा लगभग 01 लाख रुपये ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त करने की बात रिपोर्ट में बताई गई. आरोपी द्वारा लगातार दबाव बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध धारा 64, 308, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
गिरफ्तार आरोपी का नाम
आदित्य अग्रवाल, पिता मनीष अग्रवाल, निवासी कुम्हार पारा, वार्ड नंबर 09, इतवारी बाजार, खैरागढ़, जिला केसीजी.
