बीयर पिलाने के बहाने अपहरण, फिर गांजा केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी 5 लाख की फिरौती, 1 गिरफ्तार, 3 फरार
राजनांदगांव- जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र से अपहरण और वसूली की एक सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश हुआ है. आरोपियों ने प्रार्थी को बीयर पिलाने के बहाने बुलाकर सुनसान जगह पर ले गए और खुद को साइबर पुलिस बताकर कार में गांजा मिलने का झूठा नाटक रचा. इसके बाद 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई. बसंतपुर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी द्वारा थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि दिनांक घटना को शाम करीब 06:30 बजे विक्की पवार द्वारा फोन कर 02 बीयर लेकर भदौरिया चौक आने के लिए कहा गया. प्रार्थी बीयर लेकर डॉमिनोज पिज्जा सेंटर के पास पहुंचा, जहां विक्की पवार अपने साथी नवीन साहू के साथ काले रंग की फॉर्च्यूनर कार में आया और प्रार्थी को अपने साथ कार में बैठा लिया.
इसके बाद विक्की पवार कार को अमोरा तालाब से श्मशान घाट के पास सुनसान स्थान पर ले गया. वहां विक्की पवार ने प्रार्थी के साथ बीयर पी और कुछ देर बाद यह कहकर वहां से चला गया कि वह अभी वापस आता है.
इसी दौरान कुछ समय पश्चात मोटरसाइकिल से सिविल ड्रेस में दो युवक वहां पहुंचे, जिन्होंने स्वयं को सायबर पुलिस का कर्मचारी बताते हुए कार की तलाशी ली तथा कार में 20 किलो गांजा मिलने की झूठी बात कही. आरोपियों ने प्रार्थी को गांजा के झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपये देने की मांग की.
डर के कारण प्रार्थी द्वारा अपने परिजनों को फोन कर 2 लाख 50 हजार रुपये लेकर आने के लिए कहा गया. इसी बीच दोनों युवक वहां से चले गए. कुछ समय बाद प्रार्थी के परिजन मौके पर पहुंचे और प्रार्थी को साथ लेकर थाना बसंतपुर पहुंचे, जहां घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 296, 115(2), 351(2), 137(1)(ए), 127(2), 319(2), 140(3), 308(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 84, 86(1) किशोर न्याय अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. थाना स्तर पर गठित टीम द्वारा घटना के संबंध में प्राप्त तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगातार प्रयास करते हुए घटना में शामिल आरोपी नवीन साहू को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में आरोपी नवीन साहू द्वारा विक्की पवार के कहने पर घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया तथा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाईल फोन बरामद कर विधिवत जप्त किया गया. आरोपी नवीन साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया. प्रकरण में शामिल अन्य 03 आरोपी, जिनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश एवं पतासाजी की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
नवीन साहू, पिता गणेश साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी नंदई चौक, फिरंतिन मंदिर के सामने, हाल सृष्टि कॉलोनी गली नं. 01, अटल आवास, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव.
