बालोद में गणेश विसर्जन में नियम तोड़ने पर 9 डीजे जब्त, युवकों से उतरवाए गए धारदार कड़े
बालोद- पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन व उपस्थिति में बालोद पुलिस द्वारा गणेश विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई. पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी गई.
मंगलवार रात्रि लगभग 09:00 बजे से प्रारंभ हुई गणेश विसर्जन शोभायात्रा बुधवार प्रातः लगभग 04:00 से 05:00 बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी. इस दौरान विभिन्न गणेश समितियों द्वारा गणेश प्रतिमाओं एवं झांकियों के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई.
डीजे साउंड सिस्टम पर कार्रवाई
शोभायात्रा के दौरान पुलिस टीमों द्वारा डीजे साउंड सिस्टम एवं ध्वनि स्तर की लगातार निगरानी की गई. निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए कुल 9 डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए गए. जब्त डीजे साउंड सिस्टम के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया.
धारदार कड़े-चूड़े किए गए जब्त
शोभायात्रा में शामिल युवकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीमों द्वारा जांच की गई. इस दौरान कुछ युवकों के हाथों में धारदार कड़े-चूड़े पाए गए. पुलिस द्वारा ऐसे धारदार कड़े-चूड़े तत्काल उतरवाकर जब्त किए गए, ताकि भीड़भाड़ वाले वातावरण में किसी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद अथवा चोट की संभावना को रोका जा सके.
सुरक्षा व्यवस्था पर रही विशेष निगरानी
गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान बालोद पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई. पुलिस टीमों द्वारा मार्ग में आने वाले विद्युत तारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं अन्य संभावित सुरक्षा जोखिमों पर विशेष निगरानी रखी गई. पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की सतत मौजूदगी एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के कारण गणेश विसर्जन की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुई.
