हीरा मोती वार्ड में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिनों का सम्मान
राजनांदगांव- सेवा संकल्प अभियान के तहत हीरा मोती वार्ड क्रमांक-39 स्थित आंगनवाड़ी भवन में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन दीदियों का सम्मान किया गया. बड़ी संख्या में उपस्थित वार्ड की महिलाओं ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी साझा करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हीरा मोती वार्ड के पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि, “सरकार की योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़ी महिला और जरूरतमंद परिवार तक पहुंचे. सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से हमारा प्रयास है कि वार्ड 39 की प्रत्येक पात्र बहन को उसके अधिकार और योजनाओं का लाभ मिले.”
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन दीदियां सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं. महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए इनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि वार्ड में जनसेवा के ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे.
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक सुनीता सोनपिपरे ने महिलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संचालित योजनाओं एवं विभागीय कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी. वहीं स्वास्थ्य विभाग की ज्योति सिन्हा ने महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी.
कार्यक्रम के दौरान वार्ड की महिलाओं ने शासन की योजनाओं से प्राप्त लाभ और अपने अनुभव साझा किए. उपस्थित महिलाओं ने योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया.
कार्यक्रम में बच्चों के लिए भी विशेष पहल की गई. कांति सिन्हा द्वारा आंगनवाड़ी में उपस्थित बच्चों को खिलौनों का वितरण किया गया. खिलौने पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली. इस पहल ने कार्यक्रम को बच्चों के लिए भी आनंदमय बना दिया.
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद बलवंत साव, करुणा राजपूत, अजय श्रीवास्तव, सविता बोस, कांति सिन्हा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, मितानिन दीदियां बबीता यादव, शारदा सारथी, भारती निर्मलकर, दीप्ति देवांगन, श्रेय देवांगन, कामिनी सारथी, वर्षा साहू, अर्चना सारथी, संगीता यादव, सुमित्रा देवांगन, रामेश्वरी देवांगन सहित बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं एवं वार्डवासी उपस्थित रहे.
