मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
रायपुर- छत्तीसगढ़ में SIR के मुद्दे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया. देशव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रदर्शन का मुख्य केंद्र दुर्ग रहा, जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और तीनों जिलाध्यक्षों के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे. काले कपड़े पहनकर निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव करने की कोशिश की, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी खींचतान और बैरिकेडिंग पर धक्का-मुक्की हुई.
दुर्ग के पटेल चौक पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया. इस दौरान उग्र कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और FIR दर्ज करने की मांग की गई है. यह प्रदर्शन कांग्रेस के देशव्यापी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें पार्टी SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है. प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की.
