राजधानी रायपुर में दो अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाओं में 2 युवकों की मौत, पांच गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
रायपुर- राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात दो युवकों पर चाकूबाजी की खूनी वारदात हुई. हमले में दोनों की मौत हो गई है. पहली घटना महादेव घाट रोड की बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर की ओर जा रहा था. इसी दौरान स्कूटी सवार टिकेंद्र ने सुमीत बाजार के सामने कैलाश को रोक लिया और बिना किसी बातचीत के चाकू से उस पर हमला कर दिया. हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टिकेंद्र पर वार कर दिया. इस घटना में टिकेंद्र की मौत हो गई. घायल कैलाश को गंभीर हालत में इलाज के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है.
वहीं दूसरी घटना रविवार की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में हुई. जानकारी के मुताबिक, 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद डीडी नगर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए चंगोराभाटा की वारदात में शामिल 05 आरोपियों/अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रवाना हो चुकी है. मामले में बी.एन.एस. की सुसंगत धाराओं (हत्या, बलवा) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है.

