टावरों से केबल चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 96 किलो केबल और वाहनों समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
बालोद- गुण्डरदेही पुलिस और साइबर सेल बालोद की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर केबल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने ग्राम भरदाखुर्द, कुरदी और सुखरी क्षेत्र के मोबाइल टावरों से केबल चोरी करने वाले गिरोह के 7 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को बाल न्यायालय प्रस्तुत किया गया है. यह पूरा मामला थाना गुण्डरदेही क्षेत्र का है.
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रीनेष कुमार साहू साहू ने थाना गुण्डरदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम भरदाखुर्द स्थित टावर से एयरटेल एवं आइडिया का नेटवर्क बंद हो गया है. टावर की जांच के दौरान ग्राम गुरेदा के पास संदिग्ध व्यक्तियों को टावर की केबल काटकर चोरी करते देखा गया. पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर आरोपी स्कूटी एवं केबल वायर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई.
पुलिस टीम ने ऐसे किया गिरोह का पर्दाफाश
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुण्डरदेही राजेश बागड़े के पर्यवेक्षण में तथा निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, थाना प्रभारी गुण्डरदेही के नेतृत्व में थाना गुण्डरदेही एवं साइबर सेल बालोद की संयुक्त टीम गठित की गई. सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं पिकअप वाहन की पहचान की. पूछताछ एवं पतासाजी के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों तक पुलिस पहुंची. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने रेकी कर ग्राम भरदाखुर्द, कुरदी एवं सुखरी गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया.
बरामदगी
96.680 किलोग्राम चोरी की केबल वायर – कीमत लगभग ₹80,000/-, पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PM 2170 मोटरसाइकिल एक्सट्रीम क्रमांक CG 04 DB 3196, स्कूटी क्रमांक CG 07 BF 4709, कुल लगभग 10 लाख की संपत्ति बरामद कर जप्त की गई.



